Faridabad/Alive News: रविवार को चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक युवक का गला कटने के बाद पुलिस और प्रशासन ने प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। स्थानीय पुलिस और सीएम फ्लाइंग की टीम ने पर्वतीय चौकी क्षेत्र में छापेमारी कर 10 बड़े बंडल चाइनीज मांझा बरामद किया। पुलिस ने इस मामले में दो दुकानदारों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों दुकानदार प्रतिबंधित मांझे को चोरी-छिपे बेच रहे थे। टीम को सूचना मिली थी कि भड़ाना चौक और केडी पब्लिक स्कूल के आसपास चाइनीज मांझे की बिक्री हो रही है। इसके बाद पुलिस और सीएम फ्लाइंग ने दुकानों पर जांच की।
जांच के दौरान नगला रोड स्थित केडी पब्लिक स्कूल के पास एक दुकान से चाइनीज मांझे के चार बड़े बंडल बरामद किए गए। इसके बाद भड़ाना चौक स्थित दूसरी दुकान की जांच की गई, जहां से छह बड़े बंडल मिले।
इस तरह दोनों दुकानों से कुल 10 बंडल बरामद किए गए। बरामद मांझे के बंडलों पर “For Industrial Use Only” लिखा हुआ था। पुलिस का आरोप है कि इसके बावजूद इसे आम लोगों को बेचने की तैयारी की जा रही थी।
युवक का गला कटने के बाद बढ़ी सख्ती
चाइनीज मांझे को आम पतंग की डोर की तुलना में अधिक खतरनाक माना जाता है। इससे दोपहिया वाहन चालकों, राहगीरों और पक्षियों के घायल होने का खतरा रहता है।
हाल ही में रविवार को एक युवक चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया था। उसकी गर्दन कटने के बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद प्रशासन ने प्रतिबंधित मांझे की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है।
दोनों दुकानदारों के खिलाफ केस दर्ज
सीएम फ्लाइंग की टीम ने बरामद मांझे को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई के लिए सारन थाना पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों दुकानदारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पर्वतीय पुलिस चौकी प्रभारी महेश कुमार ने कहा कि प्रतिबंधित मांझे की बिक्री या इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ नियमों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस क्षेत्र में प्रतिबंधित मांझे की बिक्री पर नजर रख रही है।

