July 29, 2026

कड़ी चेकिंग के बीच शांतिपूर्ण ढंग से हुई सीबीएसई कंपार्टमेंट परीक्षा

Noida/Alive News: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की 12वीं की कंपार्टमेंट परीक्षा मंगलवार को जिले के नौ परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित हुई। परीक्षा में रजिस्टर्ड 4,160 छात्रों में से 3,800 ने परीक्षा दी, जबकि 360 छात्र अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन की निगरानी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए।

परीक्षा सुबह साढ़े दस बजे शुरू हुई। छात्रों को निर्धारित समय से एक घंटे पहले ही एडमिट कार्ड की जांच के बाद केंद्रों में प्रवेश दिया गया। प्रवेश के दौरान सभी छात्रों की  तलाशी ली गई, ताकि कोई भी छात्र मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच या अन्य प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा कक्ष में न ले जा सके।

सीबीएसई के निर्देशों के अनुसार परीक्षा शुरू होने से पहले छात्रों को प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया। अधिकांश विषयों की परीक्षा दोपहर डेढ़ बजे तक चली, जबकि कुछ विषयों की परीक्षा साढ़े बारह बजे समाप्त हुई।

परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों ने बताया कि प्रश्नपत्र संतुलित और अपेक्षा के अनुरूप था। उनका कहना था कि जिन विषयों की तैयारी की थी, उन्हीं से अधिकांश प्रश्न पूछे गए। छात्रों ने परीक्षा केंद्रों पर की गई सख्त जांच और व्यवस्थित व्यवस्था की भी सराहना की।