New Delhi/Alive News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर कथित आपत्तिजनक और अभद्र पोस्ट को लेकर दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने बुधवार को X को पत्र भेजकर ऐसे पोस्ट और वीडियो तुरंत हटाने के निर्देश दिए हैं।
दिल्ली पुलिस ने X से उन अकाउंट्स की जानकारी भी मांगी है, जिन्होंने ये पोस्ट या वीडियो शेयर किए हैं। पुलिस ने संबंधित यूजर्स का नाम, पता, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, लॉगिन और लॉगआउट का समय तथा तारीख सहित अन्य जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि जांच आगे बढ़ाई जा सके।
इसके अलावा पुलिस ने प्लेटफॉर्म से कहा है कि इन पोस्ट और वीडियो से जुड़ा पूरा डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाए, जिससे भविष्य में जांच के दौरान उसका उपयोग किया जा सके।
इससे एक दिन पहले केंद्र सरकार ने Meta को भी नोटिस जारी किया था। सरकार ने फेसबुक पर प्रधानमंत्री मोदी से जुड़ा एक वीडियो सीमित करने के लिए कहा था। बाद में Meta ने उस वीडियो को दोबारा बहाल कर दिया।
गौरतलब है कि 27 जुलाई को दिल्ली पुलिस ने X, फेसबुक और इंस्टाग्राम को भी नोटिस जारी कर प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कथित अपमानजनक और अभद्र टिप्पणियों वाले पोस्ट और वीडियो हटाने के निर्देश दिए थे। पुलिस के अनुसार ये पोस्ट 20 जुलाई को आयोजित ‘संसद चलो मार्च’ के दौरान सामने आए थे।

