June 16, 2026

जुलाई में एएवाई और बीपीएल परिवारों को मिलेगा 1 किलो चीनी का लाभ

राशन वितरण केंद्र पर एएवाई और बीपीएल परिवारों के लिए चीनी की बोरियां

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार ने जुलाई 2026 के लिए अंत्योदय अन्न योजना (एएवाई) और बीपीएल श्रेणी के पात्र परिवारों को प्रति राशन कार्ड 1 किलोग्राम चीनी उपलब्ध कराने का फैसला किया है। यह जानकारी उपायुक्त आयुष सिन्हा ने दी।

डीसी ने बताया कि चीनी का वितरण लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (टीपीडीएस) के तहत किया जाएगा। इसके लिए हरियाणा स्टेट फेडरेशन ऑफ कोऑपरेटिव शुगर मिल्स लिमिटेड और प्रदेश की सहकारी चीनी मिलों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

उन्होंने कहा कि जुलाई माह के लिए चीनी का आवंटन हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण (सीआरआईडी) द्वारा एचपीडीएस पोर्टल पर उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के आधार पर किया गया है। चीनी का वितरण जुलाई माह के पहले दिन से शुरू किया जाएगा।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आवंटित चीनी का उठान तत्काल शुरू कर 30 जून 2026 तक पूरा किया जाए। तय समय सीमा के बाद किसी प्रकार की अतिरिक्त अवधि नहीं दी जाएगी।

आयुष सिन्हा ने सभी पात्र एएवाई और बीपीएल परिवारों से इस सुविधा का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वितरण प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजना का लाभ पहुंच सके। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।