September 6, 2026

फोन हैक कर 73 हजार रुपये की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फोन हैक कर 73 हजार रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रियांशु (22), निवासी विकास नगर, देहरादून, उत्तराखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 5 सितंबर को देहरादून से गिरफ्तार किया। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता के पास जिस मोबाइल नंबर से कॉल की गई थी, वह सिम आरोपी प्रियांशु के नाम पर थी। आरोपी 10वीं पास और बेरोजगार है।

पुलिस के मुताबिक, 4 जुलाई 2026 को डबुआ कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति का फोन हैक कर लिया गया था। इसके बाद उसके बैंक खाते से 73 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।