Faridabad/Alive News: टेलीग्राम टास्क में निवेश के नाम पर 1.70 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान दिनेश (23), निवासी अजमेर, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, जवाहर कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी थी कि 18 जुलाई को वह एक व्हॉट्सऐप और टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ा था। ग्रुप में उसे अलग-अलग टास्क दिए जाते थे। टास्क पूरा करने पर शुरुआत में उसे पैसे भी दिए गए।
इसके बाद साइबर ठगों ने उसे प्रीपेड टेलीग्राम टास्क में निवेश करने का लालच दिया। शिकायतकर्ता ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 1,70,000 रुपये ठगों के बताए खातों में भेज दिए। इसके बाद उसे कोई पैसा वापस नहीं मिला। शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने दिनेश को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी के पास उस बैंक खाते का एक्सेस था, जिसमें ठगी की 75 हजार रुपये की रकम आई थी। आरोपी ठगों के निर्देश पर इस खाते से पैसे उनके बताए अन्य बैंक खातों में ट्रांसफर कर देता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी बीएससी पास है। उसे अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

