November 17, 2026

शादी-विवाह में फिजूलखर्ची रोकने के लिए गुर्जर समाज एकजुट

तिगांव में शादी-विवाह में फिजूलखर्ची रोकने को लेकर आयोजित गुर्जर समाज की बैठक में शामिल अमन नागर और समाज के प्रमुख लोग।

तिगांव में समाज के प्रमुख लोगों की बैठक, पंचायत के फैसलों को इसी शादी सीजन से लागू करने पर बनी सहमति

Faridabad/Alive News: गुर्जर समाज में शादी-विवाह के दौरान बढ़ती तड़क-भड़क और फिजूलखर्ची पर रोक लगाने के लिए समाज के लोग एकजुट हो रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर तिगांव अनाज मंडी के पास स्थित बारातघर में समाज के प्रमुख लोगों की बैठक हुई। इसमें सामाजिक पंचायत द्वारा लिए गए फैसलों को सख्ती से लागू करने पर सहमति बनी।

बैठक को संबोधित करते हुए हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर के भाई एवं भाजपा नेता अमन नागर ने कहा कि समाज की पंचायत ने शादी समारोहों में सादगी को बढ़ावा देने और अनावश्यक खर्च रोकने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। अब सभी लोगों को इन फैसलों को अपनी जिम्मेदारी समझकर अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसी शादी सीजन से लोगों को सादगीपूर्ण समारोह आयोजित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता बाबू नत्थी राम नागर ने की। उन्होंने कहा कि शादी-विवाह में दिखावे और फिजूलखर्ची से आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ता है। ऐसे में समाज के संपन्न और जिम्मेदार लोगों को आगे आकर सादगी की मिसाल पेश करनी चाहिए।

बैठक में मौजूद लोगों ने सामाजिक समानता और पारिवारिक आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए पंचायत के फैसलों का पालन करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।