शाहदरा से फरीदाबाद आए 33 वर्षीय कपिल कपूर की मौत पर परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप, अस्पताल प्रशासन के खिलाफ की नारेबाजी
Faridabad/Alive News: बीके सिविल अस्पताल में भर्ती एक मरीज की मौत के बाद मंगलवार को परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। शाहदरा निवासी 33 वर्षीय कपिल कपूर की मौत के मामले में परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन किया और अस्पताल प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिजनों का आरोप है कि कपिल को करीब नौ दिन तक अस्पताल में बेड पर हाथ-पैर बांधकर रखा गया। इस दौरान उसे न तो समय पर खाना-पानी दिया गया और न ही परिवार को उसके अस्पताल में भर्ती होने की सूचना दी गई। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
परिजनों के मुताबिक, कपिल 7 नवंबर को शाम करीब साढ़े चार बजे घर से फरीदाबाद आया था। इसके बाद परिवार का उससे संपर्क नहीं हो पाया। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने शाहदरा थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिवार अपने स्तर पर भी उसकी तलाश कर रहा था। इसी दौरान परिजनों को बीके अस्पताल में उसके होने की जानकारी मिली। जब वे अस्पताल पहुंचे तो उन्हें कपिल का शव मिला। परिजनों का कहना है कि अस्पताल प्रशासन ने उन्हें पहले यह जानकारी नहीं दी कि कपिल यहां भर्ती है। उन्हें यह भी नहीं बताया गया कि उसे अस्पताल कौन लेकर आया था और किसकी जानकारी पर भर्ती किया गया था।
प्रदर्शन के दौरान कपिल के पिता अतुल कपूर ने बताया कि वह इस संबंध में पहले ही पुलिस में अपना बयान दर्ज करा चुके हैं। उनका आरोप है कि यदि अस्पताल प्रशासन समय रहते पुलिस या परिवार को सूचना दे देता तो वे अपने बेटे की तलाश कर पाते और उसकी देखभाल के लिए कुछ कर सकते थे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कपिल अस्पताल में भर्ती था तो उसके परिजनों को इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई। परिवार का आरोप है कि अस्पताल में उसे इंसान की तरह रखने और इलाज करने के बजाय उसके हाथ-पैर बांधकर रखा गया।
निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उनका कहना था कि जिस परिवार ने अपना बेटा खोया है, उसे न्याय मिलना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान परिजन लगातार अस्पताल प्रशासन से जवाब मांगते रहे। इमरजेंसी गेट पर काफी देर तक हंगामा और नारेबाजी होती रही।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस मामले में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है, जो तीन दिन में अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
क्या कहना है अधिकारी का
जांच कमेटी बना दी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद यदि किसी भी स्तर पर डॉक्टर या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
— डॉ. जयंत आहूजा, सीएमओ, जिला अस्पताल

