Faridabad/Alive News: प्रसव के समय अचानक तबीयत बिगड़ने या गंभीर जटिलता सामने आने पर गर्भवती महिलाओं को इलाज के लिए एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भटकना न पड़े, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। सुरक्षित जननी मां अभियान के तहत अब गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन कर प्रसव से पहले ही उनके लिए अस्पताल निर्धारित किया जाएगा। खासतौर पर हाई रिस्क प्रेग्नेंसी वाली महिलाओं को चिह्नित कर फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) से जोड़ा जाएगा, ताकि प्रसव के दौरान किसी तरह की जटिलता होने पर उन्हें समय पर विशेषज्ञों का इलाज मिल सके।
सोमवार से शुरू हुए इस अभियान के तहत जिले के छह स्वास्थ्य केंद्रों पर रोजाना विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इनमें नागरिक अस्पताल, एफआरयू-1, एफआरयू-2, मेवला महाराजपुर, खेड़ी कलां और उपमंडलीय अस्पताल शामिल हैं। इन कैंपों में स्त्री रोग विशेषज्ञ और एलएमओ गर्भवती महिलाओं की जांच करेंगे। विभाग का लक्ष्य है कि प्रत्येक गर्भवती महिला की कम से कम एक बार विशेषज्ञ डॉक्टर से जांच कराई जाए, जिससे गर्भावस्था के दौरान किसी भी तरह के जोखिम का समय रहते पता लगाया जा सके।
जांच रिपोर्ट से तय होगा जोखिम
कैंप में गर्भवती महिलाओं के हीमोग्लोबिन, ब्लड ग्रुप, यूरिन, एचआईवी, एचबीएसएजी समेत अन्य जरूरी टेस्ट किए जाएंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर महिलाओं की स्वास्थ्य स्थिति का आकलन कर हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान की जाएगी। ऐसी महिलाओं को उनकी जरूरत के अनुसार उपचार और आगे की देखभाल के लिए संबंधित स्वास्थ्य केंद्र से जोड़ा जाएगा।
खानपान और आपातकालीन सुविधा की भी जानकारी
अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं को खानपान, दवाइयों और जरूरी सावधानियों के बारे में भी बताया जाएगा। आपात स्थिति में 112 एंबुलेंस सेवा का लाभ लेने की जानकारी दी जाएगी। कैंपों की रोजाना रिपोर्ट राज्य मुख्यालय भेजी जाएगी। वहीं, 104 हेल्पलाइन के माध्यम से महिलाओं से फीडबैक भी लिया जाएगा।

