Faridabad/Alive News: सूरजकुंड मार्ग स्थित श्रीसिद्धदाता आश्रम के श्रीलक्ष्मीनारायण दिव्यधाम परिसर में मंगलवार को गोपाष्टमी पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। जनहित सेवा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित श्रीनारायण गौशाला में आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने गायों का पूजन किया और उन्हें हरा चारा, गुड़ व पौष्टिक आहार खिलाया।
कार्यक्रम का आयोजन श्रीरामानुज संप्रदाय की इंद्रप्रस्थ एवं हरियाणा तीर्थपीठ के पीठाधीश्वर स्वामी श्रीपुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज के सान्निध्य में हुआ। फरीदाबाद की महापौर प्रवीण जोशी और हरियाणा भाजपा के प्रदेश महामंत्री गोपाल शर्मा सहित कई गणमान्य लोगों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गौ-पूजन किया और गायों की आरती उतारी।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने कहा कि गाय सेवा ही राष्ट्रसेवा और नारायण सेवा है। भारतीय संस्कृति में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। भगवान श्रीकृष्ण ने भी गोसेवा के माध्यम से मानव समाज को इसका महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि गौ-संरक्षण और गौ-सेवा के लिए सभी को आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में स्वामी जी महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया और भोजन प्रसाद वितरित किया।

