November 17, 2026

बीके अस्पताल में दवाओं के खर्च से मिलेगी राहत, बाजार से 50 से 80 प्रतिशत तक सस्ती मिलेंगी मेडिसिन

सरकारी काउंटर पर नहीं मिलने वाली दवाओं के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे बाहर के चक्कर, 19 नवंबर से शुरू होगी अमृत फार्मेसी

Faridabad/Alive News: सरकारी अस्पताल में इलाज कराने वाले मरीजों को अब दवाओं के लिए अपनी जेब ज्यादा ढीली नहीं करनी पड़ेगी। डॉक्टर की पर्ची पर लिखी दवा अस्पताल के नियमित काउंटर पर नहीं मिलने पर भी मरीजों को बाहर के मेडिकल स्टोर पर निर्भर नहीं रहना होगा। बीके नागरिक अस्पताल में शुरू होने जा रही अमृत फार्मेसी में ऐसी दवाएं बाजार के मुकाबले 50 से 80 प्रतिशत तक कम कीमत पर उपलब्ध होंगी। इससे उन मरीजों को सबसे ज्यादा फायदा होगा, जिन्हें लंबे समय तक दवाएं खानी पड़ती हैं और हर महीने दवाओं पर बड़ी रकम खर्च करनी पड़ती है।

अभी तक अस्पताल में इलाज कराने के बाद यदि डॉक्टर की लिखी दवा सरकारी काउंटर पर उपलब्ध नहीं होती तो मरीजों को बाहर के मेडिकल स्टोर से उसे खरीदना पड़ता है। निजी मेडिकल स्टोर पर कई दवाओं की कीमत अधिक होने के कारण मरीजों का इलाज का खर्च बढ़ जाता है। खासकर शुगर, बीपी और दूसरी लंबी बीमारियों से पीड़ित मरीजों को नियमित रूप से दवाएं खरीदनी पड़ती हैं। ऐसे में अस्पताल परिसर में ही अमृत फार्मेसी शुरू होने से उन्हें कम कीमत पर दवाएं खरीदने का विकल्प मिलेगा।

बुधवार तक पहुंचेगा पूरा स्टॉक

बीके अस्पताल भवन के पीछे अमृत फार्मेसी तैयार की गई है। इसका निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और दवाओं का स्टॉक पहुंचना शुरू हो गया है। बुधवार तक जरूरी दवाओं का स्टॉक पहुंचने की उम्मीद है। 19 नवंबर को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इसका उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश में 16 अमृत फार्मेसी शुरू की जाएंगी।

अस्पताल परिसर में ही मिलेगी सुविधा

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि अमृत फार्मेसी का निर्माण पूरा हो चुका है। यहां दवाएं रखने का काम शुरू कर दिया गया है। बुधवार तक जरूरी दवाओं का स्टॉक पहुंच जाएगा। 19 नवंबर को मुख्यमंत्री के उद्घाटन के बाद मरीजों को रियायती दरों पर दवाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी।