November 4, 2026

फरीदाबाद पुलिस ने स्कूल में विद्यार्थियों को नशे, साइबर अपराध और यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने बुधवार को सेक्टर-29 स्थित होली चाइल्ड पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें विद्यार्थियों को नशे के नुकसान, यातायात नियमों और साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए गए।

कार्यक्रम में थाना सेक्टर-31, सेक्टर-28 पुलिस चौकी, ट्रैफिक पुलिस और सामुदायिक पुलिसिंग सेल की टीम शामिल हुई। पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों को धूम्रपान, तंबाकू और नशीले पदार्थों से दूर रहने की सलाह दी। साथ ही पढ़ाई के अलावा खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों को महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े अपराधों तथा साइबर ठगी के तरीकों की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने कहा कि ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें।

थाना प्रभारी सेक्टर-31 ने विद्यार्थियों से खुद जागरूक रहने और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी नशे तथा साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की अपील की।