November 4, 2026

थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के साथ मनाई दिवाली, पांच बच्चों को मिली साइकिल

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में फाउंडेशन अगेंस्ट थैलेसीमिया की ओर से सेक्टर-11 स्थित शुभराज होटल एंड बैंक्वेट में दिवाली मिलन समारोह आयोजित किया गया। इसमें थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों ने उपहार, संगीत और जादू के खेलों के बीच दिवाली मनाई। कार्यक्रम में बच्चों को उपहार बांटे गए और पांच बच्चों को साइकिलें भेंट की गईं।

समाजसेविका शैली और उनके परिवार ने बच्चों को दिवाली के उपहार दिए। वहीं, बन्नूवाल वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से पांच बच्चों को साइकिलें दी गईं। एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश भाटिया ने भविष्य में भी बच्चों की मदद जारी रखने का भरोसा दिया।

कार्यक्रम में विश्व प्रसिद्ध जादूगर डॉ. सीपी यादव ने जादू के करतब दिखाकर बच्चों का मनोरंजन किया। डॉ. सुरेश अरोड़ा ने भी बच्चों के बीच केक काटकर अपना जन्मदिन मनाया। रोटरी क्लब ऑफ दिल्ली साउथ सेंट्रल की अध्यक्ष शशि अग्रवाल ने बच्चों के लिए उपहारों की व्यवस्था की।

फाउंडेशन के महासचिव रविंद्र डुडेजा ने सभी सहयोगकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इन बच्चों को इलाज के साथ प्यार, सम्मान और अपनापन देना भी जरूरी है।