Faridabad/Alive News: डबुआ थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति पर डंडों और रॉड से हमला करने के मामले में फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच NIT टीम ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास उर्फ मुन्ना भाटी, सौरव भाटी, अजय, विकास और सलमान के रूप में हुई है। इनमें से तीन आरोपी डबुआ कॉलोनी, एक गुरुग्राम के गांव रिठोज और एक सेक्टर-45 फरीदाबाद का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, गाजीपुर रोड, डबुआ निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 13 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे वह परचून की दुकान से दूध लेने जा रहा था। इसी दौरान 10 से 15 लोगों ने उस पर डंडों और रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। शिकायत के आधार पर थाना डबुआ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि शिकायतकर्ता सागर और आरोपी विकास उर्फ मुन्ना भाटी व सौरव भाटी के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। पुलिस के मुताबिक, इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने 13 अक्टूबर को सागर पर हमला किया था। पुलिस ने विकास, अजय और सलमान से डंडे बरामद किए हैं।
पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने सौरव और विकास उर्फ मुन्ना भाटी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया, जबकि बाकी तीन आरोपियों को जेल भेज दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

