Faridabad/Alive News: ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्य के चलते करीब 45 दिनों से प्रभावित रेल सेवाएं बहाल होने से दैनिक यात्रियों को राहत मिली है। रेलवे ने बंद की गई 9 ईएमयू ट्रेन सेवाओं को दोबारा शुरू कर दिया है। इसके साथ ही स्टेशन पर 19 एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव भी बहाल कर दिया गया है। इससे नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और दिल्ली-पलवल के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
रेलवे ने शाहदरा-बल्लभगढ़ शटल, बल्लभगढ़-शाहदरा शटल, गाजियाबाद-पलवल, पलवल-शाहदरा और नई दिल्ली-पलवल रूट की विभिन्न ईएमयू सेवाएं फिर से शुरू की हैं। त्योहारी सीजन में इन ट्रेनों के दोबारा चलने से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
ओल्ड फरीदाबाद स्टेशन पर मालवा एक्सप्रेस, ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस, उज्जैनी एक्सप्रेस, केरल सुपरफास्ट एक्सप्रेस, पंजाब मेल, अंडमान एक्सप्रेस, हिमसागर एक्सप्रेस और पुणे-जम्मूतवी एक्सप्रेस सहित 19 एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव भी बहाल किया गया है। ठहराव बंद होने के कारण यात्रियों को दूसरे स्टेशनों से ट्रेन पकड़नी पड़ रही थी।
ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 242 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है। स्टेशन पर एनआईटी और नेशनल हाईवे की ओर भवनों का निर्माण किया जा चुका है। अब दोनों भवनों को जोड़ने और फुट ओवरब्रिज बनाने के लिए गर्डर लगाने का काम किया जाना है। इसके लिए प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर पिलर के फाउंडेशन बनाए गए हैं।
ट्रेनों की सेवाएं और ठहराव बहाल होने के बावजूद स्टेशन पर निर्माण कार्य जारी है। प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर काम के चलते रेल परिचालन प्रभावित हो सकता है। यात्रियों को स्टेशन पर लगे सूचना बोर्ड और रेलवे की उद्घोषणाओं के माध्यम से अपने निर्धारित प्लेटफॉर्म की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

