October 19, 2026

रटने से आगे बढ़ेंगे सरकारी स्कूलों के बच्चे, गतिविधियों से समझेंगे भाषा और गणित

Faridabad/Alive News: सरकारी स्कूलों में शुरुआती कक्षाओं के बच्चों को भाषा और गणित में मजबूत बनाने के लिए अब पढ़ाने के तरीकों में बदलाव पर जोर दिया जा रहा है। बच्चों को केवल किताबों से याद कराने के बजाय गतिविधियों और उदाहरणों के जरिए विषय समझाने की तैयारी है। इसी उद्देश्य से फरीदाबाद खंड में बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) के तहत छह दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसमें शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) सहित नई शिक्षण तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।

खंड फरीदाबाद में प्रशिक्षण के लिए राजकीय प्राथमिक पाठशाला दौलताबाद और राजकीय प्राथमिक पाठशाला अजरौंदा में दो केंद्र बनाए गए हैं। प्रशिक्षण का उद्देश्य निपुण हरियाणा मिशन 2026-27 के तहत बच्चों की सीखने की बुनियाद मजबूत करना है। शिक्षकों को बताया जा रहा है कि कक्षा में बच्चों की भागीदारी बढ़ाकर पढ़ाई को अधिक रोचक और आसान कैसे बनाया जा सकता है।

खेल और गतिविधियों से सीखने पर जोर

प्रशिक्षण के दौरान टीचिंग लर्निंग मटेरियल (टीएलएम), चार्ट, ऑडियो-विजुअल सामग्री और मनोरंजक गतिविधियों के इस्तेमाल के तरीके बताए जा रहे हैं। इंटरैक्टिव सत्रों के जरिए शिक्षकों को भाषा और गणित की अवधारणाएं सरल तरीके से समझाने का अभ्यास कराया जा रहा है। प्रशिक्षण में एआई आधारित शिक्षण को भी प्राथमिकता दी गई है, ताकि शिक्षक नई तकनीक का उपयोग पढ़ाई को अधिक संवादात्मक बनाने में कर सकें।