Faridabad/Alive News: दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। जिले में विभिन्न स्थानों पर रावण दहन कार्यक्रमों के दौरान करीब 1200 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। भीड़भाड़ वाले इलाकों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
पुलिस के अनुसार, सेंट्रल जोन में सेक्टर-37 कम्युनिटी सेंटर, सेक्टर-31 बंगाल शूटिंग दशहरा ग्राउंड, सेक्टर-16ए दशहरा ग्राउंड और ओल्ड फरीदाबाद के बराही तालाब में कार्यक्रम होंगे। एनआईटी जोन में एनआईटी दशहरा ग्राउंड, सूरजकुंड के गोल चक्कर के पास एमसीएफ मैदान और ग्रीन फील्ड कॉलोनी की सिनेमा साइट पर आयोजन होंगे। वहीं, बल्लभगढ़ जोन में सेक्टर-8 स्थित अग्रवाल स्कूल के पास दशहरा ग्राउंड और बल्लभगढ़ दशहरा ग्राउंड में रावण दहन होगा। अन्य आयोजन स्थलों पर भी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
सभी प्रमुख स्थलों पर पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जबकि क्राइम ब्रांच की टीमें सादी वर्दी में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी। भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग, प्रवेश और निकास, पार्किंग तथा आपात स्थिति से निपटने के लिए भी इंतजाम किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
दशहरा कार्यक्रमों के दौरान दो प्रमुख मार्गों पर यातायात बंद रहेगा। एनआईटी दशहरा ग्राउंड के पास मेट्रो मोड़ से ESI चौक तक का मार्ग बंद रहेगा। वहीं, बल्लभगढ़ दशहरा ग्राउंड के पास अंबेडकर चौक से सरकारी अस्पताल तक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। पुलिस ने वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है। आयोजन स्थलों के आसपास यातायात पुलिस तैनात रहेगी। वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़े करने की अपील की गई है।
फरीदाबाद पुलिस ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को सक्रिय किया है। पुलिस के अनुसार, दशहरा पर्व के दौरान अफवाह या भ्रामक जानकारी फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से दशहरा पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की है। भीड़ में मोबाइल, पर्स और कीमती सामान का ध्यान रखने, बच्चों को अकेला न छोड़ने और रावण दहन व आतिशबाजी के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है। किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील भी की गई है।

