October 19, 2026

फरीदाबाद पुलिस का वीकेंड अभियान: 3 दिन में 169 आरोपी गिरफ्तार, 29 गुमशुदा परिजनों से मिले

फरीदाबाद पुलिस का वीकेंड अभियान, अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने 16 से 18 अक्टूबर तक चलाए गए विशेष वीकेंड अभियान के दौरान 169 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 45 उद्घोषित अपराधियों और जमानत की शर्तों का उल्लंघन कर फरार आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने 29 गुमशुदा लोगों को तलाश कर उनके परिजनों से मिलाया। अभियान के तहत अवैध शराब, नशीले पदार्थों और जुए के मामलों में भी कार्रवाई की गई।

पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में जिले के विभिन्न थानों, अपराध शाखाओं और विशेष टीमों ने हिस्सा लिया। पुलिस का मुख्य उद्देश्य अपराधियों पर शिकंजा कसना और जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना था।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अभियान के दौरान 145 बोतल अवैध देसी शराब और 13 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। इसके अलावा 1.115 किलोग्राम गांजा, 1.588 ग्राम अफीम और 3.4 ग्राम स्मैक भी बरामद की गई। जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 31,990 रुपये की नकदी बरामद की गई।