September 25, 2026

गली में कांटा लगाने को लेकर विवाद, फायरिंग और मारपीट का आरोप; पिता-पुत्र गिरफ्तार

फरीदाबाद संजय कॉलोनी फायरिंग और मारपीट मामले में गिरफ्तार मनोज भाटी और भविष्य भाटी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद की संजय कॉलोनी में गली के मोड़ पर सरिया तौलने का कांटा लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद फायरिंग की गई, लोगों के साथ मारपीट की गई और गली में खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। पुलिस चौकी संजय कॉलोनी की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज भाटी और उसके बेटे भविष्य भाटी के रूप में हुई है। दोनों जवाहर कॉलोनी के निवासी बताए गए हैं।

संजय कॉलोनी निवासी विजयपाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सारन रोड पर मनोज भाटी ने सरिया की दुकान खोली हुई है। मनोज भाटी गली के मोड़ पर सरिया तौलने का कांटा लगा रहा था। इस पर शिकायतकर्ता और स्थानीय लोगों ने विरोध किया, जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।

शिकायत के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर मनोज भाटी ने अपने बेटे भविष्य भाटी, कमल और 8 से 10 अन्य युवकों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि भविष्य भाटी ने पिस्तौल से फायरिंग की, जबकि अन्य युवक लाठी-डंडे लेकर पहुंचे। इसके बाद आरोपियों ने शिकायतकर्ता और अन्य स्थानीय लोगों के साथ मारपीट की तथा गली में खड़ी गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया।

मामले की शिकायत मिलने के बाद थाना मुजेसर में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि गली में वजन तौलने का कांटा लगाने को लेकर स्थानीय निवासियों और मनोज भाटी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद मनोज ने फोन करके अपने बेटे और उसके साथियों को मौके पर बुलाया। आरोप है कि भविष्य भाटी ने फायरिंग की और अन्य लोगों ने स्थानीय निवासियों के साथ मारपीट की।

पुलिस चौकी संजय कॉलोनी की टीम ने मामले में मनोज भाटी और भविष्य भाटी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।