September 25, 2026

फरीदाबाद में रास्ते में रोककर दो युवकों पर हमला, लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से की मारपीट; 2 आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद के सीकरी में मारपीट मामले में गिरफ्तार आरोपी नेपाल और योगेन्द्र

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सीकरी क्षेत्र में रास्ते में साइड लेने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला किया। पुलिस चौकी सीकरी की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अदालत में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेपाल और योगेन्द्र निवासी गांव नंगला जोगियान, फरीदाबाद के रूप में हुई है। गांव भनकपुर निवासी रितिक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 सितंबर की रात वह स्कूटी से अपने गांव जा रहा था। चैकमैट होटल के पास एक मोटरसाइकिल सवार ने उसके साथ गाली-गलौज की।

इसके बाद नंगला होली चौक के पास मोटरसाइकिल सवार ने अपने साथियों को फोन करके बुला लिया। आरोप है कि वहां आरोपियों ने रितिक को रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान गांव का तुषार वहां से गुजर रहा था। उसने रितिक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उस पर भी लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। मारपीट में तुषार को गंभीर चोटें आईं।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने बंटी, नेपाल, अर्जुन, प्रवीण, योगेश, गुलशन और अन्य के खिलाफ थाना सेक्टर-58 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि रास्ते में साइड लेने को लेकर नेपाल और शिकायतकर्ता रितिक के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद नेपाल ने अपने गांव के पास नंगला होली चौक पर साथियों को फोन करके बुलाया और रितिक के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे तुषार को भी पीटा गया।

पुलिस चौकी सीकरी की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए नेपाल और योगेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।