Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। सेक्टर-56 निवासी युवती से एक व्यक्ति ने उसका भाई बनकर फोन किया और अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 99,948 रुपये ठग लिए। मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-56 निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी कि उसका मोबाइल फोन घर पर रहता है। 25 जुलाई 2026 को उसके फोन पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। उस समय उसकी बेटी ने फोन उठाया। कॉल करने वाले ने खुद को युवती का भाई बताया और उससे 5,000 रुपये ट्रांसफर करने को कहा।
इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सऐप पर एक स्कैनर भेजा। युवती ने उस पर 20,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोपी ने कहा कि पैसे उसके खाते में नहीं आए हैं और दोबारा स्कैनर भेजकर पैसे ट्रांसफर करने को कहा। इस तरह युवती ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 99,948 रुपये भेज दिए।
शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने अजय कुमार (26) और अमरजीत (31), दोनों निवासी अलवर, राजस्थान को गिरफ्तार किया। दोनों को पुलिस टीम ने 4 सितंबर को फिरोजपुर झिरका और अलवर से काबू किया।
जांच में सामने आया कि अजय कुमार ने युवती को उसका भाई बनकर फोन किया था, जबकि जिस सिम कार्ड से कॉल की गई थी, वह अमरजीत के नाम पर पंजीकृत था। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी खेती-बाड़ी का काम करते हैं। अदालत में पेश करने के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया।

