Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में क्रेडिट कार्ड पर चल रही इंश्योरेंस पॉलिसी को डीएक्टिवेट करने के नाम पर एक व्यक्ति से 39,329 रुपये की साइबर ठगी की गई। मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने दिल्ली निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर ठगों को अपना बैंक खाता उपलब्ध कराने का आरोप है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, बल्लभगढ़ निवासी व्यक्ति ने शिकायत में बताया कि 9 दिसंबर 2025 को उसके पास एक अनजान नंबर से फोन आया था। कॉल करने वाले ने कहा कि उसके इंडसइंड बैंक के क्रेडिट कार्ड पर इंश्योरेंस पॉलिसी एक्टिवेट है। इसे बंद कराने के लिए उसके व्हाट्सऐप पर एक लिंक भेजा गया।
शिकायतकर्ता ने लिंक खोलकर उसमें अपने क्रेडिट कार्ड की जानकारी भर दी। इसके बाद उसके क्रेडिट कार्ड से कुल 39,329 रुपये कट गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच में पुलिस ने शोएब (25) और शेख दिलशाद अली (29), दोनों निवासी दिल्ली को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, शोएब खाताधारक है और उसने अपना बैंक खाता दिलशाद को दिया था। इसके बाद दिलशाद ने यह खाता साइबर ठगी करने वाले आरोपियों को उपलब्ध कराया।
पुलिस के अनुसार, शोएब के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 10,000 रुपये आए थे। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपी एक-दूसरे के जानकार हैं। शोएब चौथी कक्षा तक पढ़ा है, जबकि दिलशाद 10वीं पास है और ट्रेवल एजेंट का काम करता है।

