New Delhi/Alive News: CJP कार्यकर्ता नीशू आजाद के पिता संजय कुमार से मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस ने शनिवार को आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को पटियाला हाउस कोर्ट में वर्चुअली पेश किया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक स्वतंत्र को एक दिन पहले उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से पकड़ा गया था।
स्वतंत्र की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को CJP नेताओं और समर्थकों ने पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर करीब तीन घंटे प्रदर्शन किया था। इसके बाद पुलिस ने 72 घंटे के अंदर कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसके अगले दिन आरोपी की गिरफ्तारी कर ली गई।
वहीं, शनिवार को स्वतंत्र भारद्वाज के समर्थन में कुछ हिंदू संगठन के कार्यकर्ता भी पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से नीशू आजाद और उनके पिता संजय कुमार के खिलाफ लिखित शिकायत भी ली है।
23 जून को जंतर-मंतर पर हुआ था विवाद
संजय कुमार 23 जून को जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के दौरान घायल हुए थे। उनकी शिकायत के आधार पर पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में मामला दर्ज किया गया था। नीशू आजाद का आरोप है कि उनके पिता के सिर पर हमला किया गया था और काफी समय बीतने के बावजूद पुलिस ने पर्याप्त कार्रवाई नहीं की।
4 सितंबर को नीशू आजाद और उनके पिता के समर्थन में CJP नेताओं और कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया था। नीशू की ओर से वकील ऋषव रंजन ने पुलिस से हत्या के प्रयास, आपराधिक धमकी और SC/ST Act की संबंधित धाराएं जोड़ने की मांग की थी। पुलिस ने मामले में इन धाराओं को जोड़ा और आरोपी को हिरासत में लिया।
आरोपी ने पहले हमले की बात कही, बाद में बताया सेल्फ डिफेंस
स्वतंत्र भारद्वाज ने एक वायरल पॉडकास्ट में दावा किया था कि उन्होंने संजय कुमार के सिर पर हमला किया था और उन्हें करीब 60 टांके लगे थे। उन्होंने यह भी कहा था कि इस घटना के बाद उन्हें जेल नहीं जाना पड़ा।
बाद में स्वतंत्र ने अपने बयान से पलटते हुए कहा कि उन्होंने हमला नहीं किया था, बल्कि खुद के बचाव में कार्रवाई की थी। उनका दावा है कि 10 से 15 लोगों ने उन्हें घेर लिया था और अगर वह बचाव नहीं करते तो भीड़ उन्हें नुकसान पहुंचा सकती थी।
पुलिस ने चोट को साधारण बताया
दिल्ली पुलिस के अनुसार 23 जून की घटना में संजय कुमार के सिर पर कड़ा या ब्रेसलेट लगने से चोट आई थी। उन्हें मेडिकल जांच के लिए RML अस्पताल ले जाया गया था। मेडिको-लीगल केस (MLC) में चोट को साधारण बताया गया था।
पुलिस ने संजय कुमार के सिर में खोपड़ी फटने या फ्रैक्चर होने के दावे को गलत बताया है। पुलिस के अनुसार पहले स्वतंत्र को पूछताछ के लिए बुलाया गया था और बाद में छोड़ दिया गया था। अब मामले में नई धाराएं जोड़े जाने के बाद उसे दोबारा हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया है।

