September 4, 2026

इस्कॉन सेक्टर-37 में भव्य जन्माष्टमी समारोह, 1.25 लाख श्रद्धालुओं ने किए श्रीकृष्ण के दर्शन

Faridabad/Alive News: सेक्टर-37 स्थित इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी का पर्व भव्य और भक्तिमय माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर करीब 1.25 लाख श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन किए। इस साल इस्कॉन अपनी स्थापना की 60वीं वर्षगांठ भी मना रहा है, जिसके चलते मंदिर में विशेष तैयारियां की गई थीं।

समारोह की शुरुआत सुबह 4:30 बजे मंगल आरती से हुई। इसके बाद सुबह 8 बजे दर्शन आरती हुई। दिनभर मंदिर में हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और दर्शन का सिलसिला जारी रहा। रात 11:30 बजे भगवान श्रीकृष्ण का विशेष अभिषेक किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

जन्माष्टमी के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के विग्रहों की भव्य फूल बंगला सजावट की गई। फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से मंदिर परिसर को आकर्षक रूप दिया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने पार्किंग से मंदिर तक शटल सेवा, एयर-कंडीशंड हॉल, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की भी व्यापक व्यवस्था की गई।

वर्चुअल रियलिटी शो रहा आकर्षण

इस बार समारोह में वर्चुअल रियलिटी शो विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। अत्याधुनिक तकनीक के जरिए भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने काफी रुचि के साथ देखा।

मंदिर अध्यक्ष गोपीश्वर दास ने कहा कि इस्कॉन की 60वीं वर्षगांठ के कारण इस वर्ष की जन्माष्टमी विशेष रही। उन्होंने कहा कि जन्माष्टमी केवल भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य का पर्व नहीं, बल्कि उनके संदेश और शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का अवसर भी है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले स्वयंसेवकों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

भव्य सजावट, विशेष अभिषेक, दिनभर चले भजन-कीर्तन, वर्चुअल रियलिटी शो और बेहतर सुरक्षा व भीड़ प्रबंधन के चलते इस वर्ष का जन्माष्टमी समारोह श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।