September 2, 2026

सेक्टर-46 कम्युनिटी सेंटर के सौंदर्यीकरण पर आरडब्ल्यूए ने मंत्री-विधायक का किया स्वागत

Faridabad/Alive News: सेक्टर-46 स्थित कम्युनिटी सेंटर के करीब सवा दो करोड़ रुपये की लागत से होने वाले सौंदर्यीकरण कार्य को लेकर आरडब्ल्यूए की ओर से केंद्रीय राज्यमंत्री चौ. कृष्णपाल गुर्जर और विधायक धनेश अदलक्खा का स्वागत किया गया। आरडब्ल्यूए प्रधान राज सिंह बैंसला और उनकी टीम ने दोनों अतिथियों पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया और पुष्पगुच्छ भेंट किया।

इस दौरान आरडब्ल्यूए ने सेक्टर की समस्याओं को लेकर केंद्रीय राज्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। इसमें 100 गज के मकानों में पानी की आपूर्ति, खराब स्ट्रीट लाइट ठीक कराने, जर्जर बिजली तार बदलने, सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने, मंदिर निर्माण शुरू कराने और अधूरे पार्कों का काम पूरा कराने की मांग की गई। इसके अलावा शिवालिक सोसाइटी की समस्याओं, आवारा पशुओं व बंदरों से निजात और बच्चों के लिए खेल मैदान उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि सेक्टर-46 में सेक्टर-12 और सेक्टर-31 के टाउन पार्क से बेहतर पार्क विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसमें वॉकिंग ट्रैक, हरियाली, लाइटिंग और फव्वारे जैसी सुविधाएं होंगी।

वही विधायक धनेश अदलक्खा ने कहा कि आरडब्ल्यूए की मांगों पर संबंधित विभागों से बातचीत कर समाधान कराया जाएगा। इस मौके पर पार्षद लिक्खी चपराना समेत आरडब्ल्यूए पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सेक्टरवासी मौजूद रहे।