Faridabad/Alive News: दशहरे के दिन पीट-पीटकर हत्या का शिकार हुए ट्रैक्टर चालक के परिवार की मदद के लिए पूर्व विधायक नीरज शर्मा आगे आए हैं। रविवार को सेक्टर-3 स्थित सामुदायिक भवन में आयोजित प्रवासी महापंचायत में उन्होंने अपनी ओर से 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी। इसके अलावा अन्य लोगों के सहयोग से भी परिवार को लाखों रुपये की मदद दिलाई। उन्होंने मृतक की पत्नी को निजी क्षेत्र में नौकरी दिलाने का भरोसा भी दिया।
महापंचायत में नीरज शर्मा ने कहा कि परिवार के कमाने वाले सदस्य की हत्या के बाद उसके आश्रितों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में समाज के लोगों को परिवार की मदद करनी चाहिए। उन्होंने फरीदाबाद के विकास में प्रवासी समाज के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए उनके सम्मान और सुरक्षा का मुद्दा उठाया।
उन्होंने शहर की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पूरे शहर का कूड़ा प्रवासी आबादी वाले प्रतापगढ़ क्षेत्र में डालने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने बल्लभगढ़ में बन रहे पुल की उपयोगिता पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि पुल न तो राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ रहा है और न ही दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से। इससे दुकानदारों और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर असर पड़ेगा।
नीरज शर्मा ने बल्लभगढ़ बस स्टैंड को राष्ट्रीय स्तर का बस टर्मिनल बनाने की मांग भी उठाई। इसके अलावा उन्होंने गाली मामले की पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए वॉइस सैंपल को लेकर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।
इस मौके पर पूर्व डिप्टी मेयर राजेंद्र भामला, मुकेश शर्मा, दया शंकर गिरी सहित प्रवासी समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
पीड़ित परिवार को नीरज शर्मा ने दिए 50 हजार रुपये

