Faridabad/Alive News: शिक्षक दिवस के अवसर पर मानव सुपर-21 से जुड़कर जरूरतमंद परिवारों के मेधावी छात्रों को निशुल्क पढ़ाने और कोचिंग देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। मानव सुपर-21 की ओर से इन शिक्षकों को ‘शिक्षक गौरव सम्मान’ प्रदान किया जाएगा।
मानव सुपर-21 के संरक्षक अरुण आहूजा और रोशन लाल बोर्ड तथा मानव सेवा समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने बताया कि कई सेवानिवृत्त और कार्यरत शिक्षक जहां ट्यूशन के जरिए अपनी सेवाओं से आय अर्जित कर रहे हैं, वहीं कुछ शिक्षक जरूरतमंद छात्रों के भविष्य को संवारने के लिए निशुल्क सेवाएं दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्त शिक्षाविद सुभाष शर्मा, राजेश शर्मा, केएल दुआ और एनके गर्ग तथा कार्यरत शिक्षक विनय भाटिया, गौरव अदलखा, सौरभ अरोड़ा और तुषार मानव सुपर-21 के छात्रों को निशुल्क पढ़ा रहे हैं। इन शिक्षकों का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों को बेहतर शिक्षा देकर उनके आईआईटियन और डॉक्टर बनने के सपने को पूरा करना है।

