September 1, 2026

फर्जी निवेश का झांसा देकर महिला से 1.39 लाख रुपये की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: साइबर ठगों ने फर्जी निवेश योजना में तीन गुना मुनाफे का लालच देकर सेक्टर-9 निवासी एक महिला से 1.39 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को महिला के टेलीग्राम पर “ZERO TO HERO PREMIUM” नाम के चैनल का विज्ञापन आया। इसमें 30 हजार रुपये निवेश करने पर तीन गुना मुनाफा देने का दावा किया गया था। महिला ने झांसे में आकर UPI के जरिए 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।

इसके बाद ठगों ने “TRADERS CLUB” के नाम से फर्जी स्क्रीनशॉट भेजकर उसकी निवेश राशि करीब 1.88 लाख रुपये दिखा दी। रकम निकालने के नाम पर पहले 56,691.50 रुपये रिटर्न चार्ज और फिर 52,911 रुपये GST के नाम पर जमा करा लिए गए। इसके बाद भी ठगों ने अकाउंट चार्ज के नाम पर 57 हजार रुपये और मांगे। तब महिला को ठगी का पता चला और उसने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

जांच के दौरान साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने चंदन बैरवा और रोहित मीणा, दोनों निवासी बूंदी, राजस्थान को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, रोहित मीणा ने खाताधारक चिरंजीलाल का बैंक खाता दिलखुश से लेकर आगे उपलब्ध कराया था। वहीं चंदन बैरवा पहली लेयर का खाताधारक है, जिसके खाते में ठगी के 56,691 रुपये आए थे।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।