September 21, 2026

फरीदाबाद पुलिस के 8 अधिकारी-कर्मचारी सेवानिवृत्त, विदाई समारोह में किया सम्मानित

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस विभाग में वर्षों तक ईमानदारी और समर्पण के साथ सेवाएं देने वाले 8 अधिकारियों और कर्मचारियों के सम्मान में सेक्टर-21सी स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी।

सेवानिवृत्त होने वालों में इंस्पेक्टर जान मोहम्मद, इंस्पेक्टर चरण सिंह, इंस्पेक्टर राधेलाल, इंस्पेक्टर चतर भुज, इंस्पेक्टर जीवनलाल, ईएसआई करण सिंह, ईएसआई सतीश कुमार और ईएचसी जगदीश शामिल रहे। सभी ने अपने सेवाकाल के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और जनसेवा में योगदान दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए एसीपी सराय संदीप ने कहा कि पुलिस विभाग केवल नौकरी नहीं, बल्कि एक परिवार है। पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में भी आम लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के लिए लगातार काम करते हैं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों का अनुभव और सेवा भावना पुलिस की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का काम करेगी।

कार्यक्रम के अंत में सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को स्मृति-चिह्न और उपहार देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके सुखद, स्वस्थ और खुशहाल भविष्य की कामना की।