September 1, 2026

युवती की हत्या कर आगरा कैनाल में शव फेंका, एक और आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: युवती निशा की हत्या कर शव आगरा कैनाल में फेंकने के मामले में क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान प्रदीप निवासी फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी राजीव कॉलोनी, सेक्टर-58, फरीदाबाद के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, संजय कॉलोनी निवासी महिला ने थाना मुजेसर में शिकायत दी थी कि उसकी 20 वर्षीय बेटी निशा 1 अगस्त को ऑफिस मीटिंग के सिलसिले में कोलकाता गई थी। उसने परिवार को फोन कर अगली सुबह घर लौटने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं पहुंची और उसका मोबाइल भी बंद हो गया। महिला ने हरिओम नामक युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का शक जताया था।

शिकायत के आधार पर थाना मुजेसर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने प्रदीप को गिरफ्तार किया।

पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि प्रदीप ने अपने दोस्त हरिओम के साथ मिलकर निशा की गला घोंटकर हत्या की थी। पुलिस के मुताबिक, प्रदीप और हरिओम की मुलाकात वर्ष 2018 में सेक्टर-58 स्थित एक कंपनी में हुई थी। प्रदीप ने निशा का गला दबाया और बाद में हरिओम के साथ मिलकर शव को आगरा कैनाल में फेंक दिया।

आरोपी प्रदीप को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 12 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।