Faridabad/Alive News: विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इंटर-स्कूल सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता 2026-27 के प्रथम चरण का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता पुलिस महानिदेशक हरियाणा और अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (हाईवे), करनाल के निर्देश पर पुलिस आयुक्त सत्येंद्र कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में कराई गई।
प्रतियोगिता में फरीदाबाद के सरकारी, निजी स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों के कुल 2,67,512 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इनमें 1,67,285 विद्यार्थी अंग्रेजी माध्यम और 1,00,227 विद्यार्थी हिंदी माध्यम के रहे।
प्रतियोगिता को चार स्तरों में आयोजित किया गया। लेवल-1 में कक्षा 3 से 5 के 81,388, लेवल-2 में कक्षा 6 से 8 के 87,146, लेवल-3 में कक्षा 9 से 12 के 94,902 और लेवल-4 में कॉलेज व अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों के 4,076 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक नियमों, यातायात संकेतों, हेलमेट और सीट बेल्ट की जरूरत, पैदल यात्रियों की सुरक्षा और सुरक्षित वाहन चलाने से जुड़े सवाल पूछे गए।
प्रथम चरण में चयनित विद्यार्थी जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। इसके बाद बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में फरीदाबाद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
डीसीपी ट्रैफिक जयबीर सिंह ने कहा कि बच्चों को शुरुआत से ही यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना जरूरी है। ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा की समझ बढ़ती है और वे दूसरों को भी यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की है। यातायात संबंधी सहायता के लिए फरीदाबाद ट्रैफिक कंट्रोल रूम 0129-2267201 या डायल-112 पर संपर्क किया जा सकता है।

