September 1, 2026

राहुल कॉलोनी में HSNCB का तलाशी अभियान, नार्को डॉग हैरी की मदद से हुई जांच

Faridabad/Alive News: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) की फरीदाबाद यूनिट ने सोमवार को राहुल कॉलोनी में तलाशी अभियान चलाया। अभियान में नार्को डिटेक्शन डॉग हैरी की मदद ली गई।

निरीक्षक संग्राम सिंह ने बताया कि राहुल कॉलोनी को नशे की गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। इसी को देखते हुए टीम ने हैरी के साथ क्षेत्र के घरों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों की जांच की।

उन्होंने बताया कि इस तरह के अभियान का उद्देश्य केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी करना नहीं, बल्कि संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाकर नशा तस्करों में कानून का डर पैदा करना भी है। ऐसे क्षेत्रों में नार्को डॉग की मदद से नियमित तलाशी अभियान आगे भी जारी रहेगा।

HSNCB ने आम लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें नशे से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत ब्यूरो को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।