August 19, 2026

नशीली दवा तस्करी नेटवर्क का खुलासा, बुलंदशहर से जुड़े दूसरे आरोपी को फरीदाबाद में दबोचा

फरीदाबाद में नशीली दवाओं की तस्करी मामले में HSNCB की कार्रवाई

Faridabad/Alive News: हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) की फरीदाबाद यूनिट ने नशीली दवाओं की तस्करी के एक मामले की जांच में बड़ी कार्रवाई करते हुए दूसरे अंतरराज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ध्रुव भाटी निवासी बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। उसे सेक्टर-28-29 मोड़ बाईपास, फरीदाबाद से गिरफ्तार किया गया।

आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि नशीली दवाओं की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) एवं हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के प्रमुख संजय कुमार, IPS के दिशा-निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त हरियाणा’ अभियान के तहत की गई।मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहा था नशीली दवाओं का कारोबारHSNCB फरीदाबाद यूनिट ने कुछ दिन पहले थाना सदर बल्लभगढ़ क्षेत्र में मेडिकल स्टोर की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं की तस्करी के आरोप में प्रवीन कुमार को गिरफ्तार किया था।

आरोपी के घर, गोदाम और मेडिकल स्टोर की तलाशी के दौरान कुल 6,866 नशीली दवाएं बरामद की गई थीं। बरामद दवाओं में 6,246 अल्प्राजोलम टेबलेट, 109 ट्रामाडोल कैप्सूल, 125 ट्रामाडोल टेबलेट और 386 ट्रामाडोल इंजेक्शन शामिल थे। मामले में थाना सदर बल्लभगढ़ में FIR नंबर 243, दिनांक 9 अगस्त 2026, धारा 22(C)/61/85 NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया था। पूछताछ में बुलंदशहर से जुड़े आरोपी का नाम सामने आयायूनिट इंचार्ज निरीक्षक संग्राम सिंह के अनुसार, आरोपी प्रवीन कुमार से पूछताछ और मामले की आगे की जांच में ध्रुव भाटी की संलिप्तता सामने आई। ध्रुव भाटी पुत्र प्रताप सिंह भाटी, गांव भोंरा वैर बादशाहपुर, बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश का निवासी बताया गया है।

पुख्ता सूचना के आधार पर HSNCB की टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे सेक्टर-28-29 मोड़ बाईपास से गिरफ्तार कर लिया। अब आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा। पुलिस का उद्देश्य यह पता लगाना है कि प्रतिबंधित नशीली दवाओं की सप्लाई कहां से होती थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। यूनिट ने बताया कि नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।