August 16, 2026

फरीदाबाद में 20 हजार EV, फिर भी एक भी सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन नहीं

फरीदाबाद में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए प्रस्तावित सार्वजनिक EV चार्जिंग स्टेशन।

Faridabad/Alive News: शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन अभी तक सार्वजनिक इलेक्ट्रिक वाहन (EV) चार्जिंग स्टेशन की सुविधा उपलब्ध नहीं है। फरीदाबाद में करीब 20 हजार इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत हैं। इनमें लगभग 14 हजार निजी और 6 हजार व्यावसायिक वाहन शामिल हैं।

सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन नहीं होने के कारण ज्यादातर वाहन मालिकों को अपने घर या संस्थान में ही वाहन चार्ज करना पड़ रहा है। अब सरकार ने शहर में चार्जिंग नेटवर्क विकसित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। इसके लिए नगर निगम और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) से जमीन उपलब्ध कराने को कहा गया है।

पहले चरण में शहर में चार सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना है।

जलभराव वाली जगहों पर नहीं बनेंगे चार्जिंग स्टेशन

चार्जिंग स्टेशन के लिए जमीन तलाशने की जिम्मेदारी नगर निगम की प्लानिंग ब्रांच को दी गई है। अधिकारियों को ऐसी जगहों की पहचान करनी होगी, जहां वाहनों का आना-जाना आसान हो और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो।

जगह तय होने के बाद इसका प्रस्ताव शहरी स्थानीय निकाय विभाग को भेजा जाएगा।

पहले भी दो बार बनी योजना, 16 जगह हुई थीं चिन्हित

नगर निगम इससे पहले भी सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की दो बार योजना बना चुका है। उस समय शहर में करीब 16 स्थानों को चिह्नित किया गया था।

योजना के अनुसार चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने वाली एजेंसी को पूरा खर्च उठाना था। इसके बदले नगर निगम को इन स्टेशनों से राजस्व मिलने की उम्मीद थी।

जगह को लेकर विवाद से अटक गई थी योजना

16 स्थान चिन्हित किए जाने के बावजूद योजना आगे नहीं बढ़ सकी। सूत्रों के अनुसार, चार्जिंग स्टेशनों के लिए चुनी गई जगहों को लेकर जनप्रतिनिधियों के बीच सहमति नहीं बन पाई थी। इसके बाद योजना को रद्द करना पड़ा।

अब सरकार की पहल के बाद इस योजना को नए सिरे से शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

20 हजार EV, सार्वजनिक चार्जिंग सुविधा शून्य

आरटीए के रिकॉर्ड के मुताबिक फरीदाबाद में करीब 20 हजार इलेक्ट्रिक वाहन पंजीकृत हैं। इनमें निजी और व्यावसायिक दोनों तरह के दोपहिया और चारपहिया वाहन शामिल हैं।

सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन नहीं होने से वाहन मालिकों की निर्भरता घर और संस्थानों में मौजूद चार्जिंग व्यवस्था पर है।

घर या संस्थान में इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज करते समय सुरक्षा मानकों का पालन करना जरूरी है। तकनीकी खराबी या लापरवाही की स्थिति में आग लगने का खतरा हो सकता है। फरीदाबाद में इलेक्ट्रिक स्कूटी में आग लगने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।

200 इलेक्ट्रिक बसों के लिए भी चाहिए चार्जिंग नेटवर्क

फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (FMDA) शहर में करीब 200 इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए सेक्टर-61 में लगभग पांच एकड़ जमीन पर बस डिपो विकसित करने का प्रस्ताव है।

इन बसों के संचालन के लिए डिपो में पर्याप्त चार्जिंग व्यवस्था जरूरी होगी। ऐसे में आने वाले समय में शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए मजबूत चार्जिंग नेटवर्क की जरूरत और बढ़ने वाली है।

जल्द भेजा जाएगा प्रस्ताव

नगर निगम के कार्यकारी अभियंता नितिन कादियान ने बताया कि चार्जिंग स्टेशन के लिए प्लानिंग ब्रांच उपयुक्त स्थानों की तलाश कर रही है। स्थान चिह्नित होने के बाद प्रस्ताव शहरी स्थानीय निकाय विभाग को भेज दिया जाएगा।