Faridabad/Alive News: विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर फरीदाबाद में 14 अगस्त को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उपायुक्त आयुष सिन्हा की अध्यक्षता में होने वाले इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए कार्यक्रम की नोडल अधिकारी एवं सीईओ जिला परिषद शिखा ने बताया कि कार्यक्रम सुबह 11 बजे लघु सचिवालय की छठी मंजिल स्थित कमरा नंबर 603 में आयोजित होगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य वर्ष 1947 में देश के विभाजन के दौरान अपने घर-परिवार, संपत्ति और प्रियजनों से बिछड़ने वाले लाखों लोगों के संघर्ष, पीड़ा और बलिदान को याद करना है। इस दौरान विभाजन की त्रासदी झेल चुके लोगों और उनके परिजनों को अपने अनुभव साझा करने के लिए आमंत्रित किया गया है। उनके संस्मरणों के माध्यम से नई पीढ़ी को उस दौर की कठिन परिस्थितियों और मानवीय पीड़ा से रूबरू कराया जाएगा।
सीईओ जिला परिषद शिखा ने बताया कि कार्यक्रम में युवाओं की भी सक्रिय भागीदारी रहेगी। विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी इसमें शामिल होंगे और विभाजन के इतिहास, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करेंगे।
उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस केवल इतिहास को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि उस दौर से सीख लेने का भी मौका है। विभाजन के बाद लाखों लोगों ने विपरीत परिस्थितियों में नए सिरे से जीवन शुरू किया और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि यह दिवस उन लोगों के साहस, धैर्य और संघर्ष को नमन करने का अवसर प्रदान करता है, जिन्होंने विस्थापन और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने जीवन को दोबारा खड़ा किया।

