Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में बड़ी सफलता हासिल की है। सेंट्रल जोन की साइबर सेल ने CEIR पोर्टल और तकनीकी संसाधनों की मदद से पिछले एक महीने में 30 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल की अनुमानित कीमत 4.75 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल उषा, HPS के मार्गदर्शन में साइबर सेल की टीम ने यह कार्रवाई की। टीम में साइबर सेल प्रभारी मुख्य सिपाही राकेश कुमार, सिपाही कपिल और सिपाही योगेश शामिल रहे। टीम ने विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय कर गुम मोबाइलों को तलाशने में सफलता हासिल की।
13 अगस्त को पुलिस उपायुक्त सेंट्रल उषा ने बरामद किए गए सभी 30 मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरे पर खुशी नजर आई। लोगों ने फरीदाबाद पुलिस की तकनीकी कार्रवाई और त्वरित प्रयासों की सराहना की।
पुलिस के मुताबिक CEIR पोर्टल की मदद से गुम या चोरी हुए मोबाइल के IMEI नंबर को ब्लॉक किया जा सकता है और मोबाइल के इस्तेमाल की जानकारी के आधार पर उसकी तलाश की जा सकती है। मोबाइल बरामद होने के बाद उसे दोबारा सक्रिय भी किया जा सकता है।
फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत पुलिस थाने या साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर भी सूचना दें। साथ ही मोबाइल खरीदते समय उसका IMEI नंबर, बिल और जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रखें। समय पर शिकायत मिलने से मोबाइल बरामद होने की संभावना बढ़ जाती है।

