August 13, 2026

समाधान शिविर बना आमजन की समस्याओं के समाधान का जरिया, PPP और राशन कार्ड की शिकायतें ज्यादा

फरीदाबाद सेक्टर-12 लघु सचिवालय में समाधान शिविर

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन की ओर से आयोजित किए जा रहे समाधान शिविर आमजन के लिए उपयोगी साबित हो रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। उपायुक्त (डीसी) आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर की अध्यक्षता एचएचवीपी स्टेट अधिकारी नवीन कुमार ने की।

नवीन कुमार ने बताया कि समाधान शिविर में सबसे अधिक शिकायतें परिवार पहचान पत्र (PPP) में आय संबंधी त्रुटियों और परिवार में नए सदस्य का नाम जोड़ने से संबंधित प्राप्त हो रही हैं। इसके अलावा राशन कार्ड, अवैध अतिक्रमण, पुलिस और बिजली विभाग से जुड़ी समस्याएं भी नागरिकों ने अधिकारियों के सामने रखीं। उन्होंने बताया कि शिकायतों के जल्द समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम कर रहे हैं। आमजन स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, भूमि पंजीकरण, समाज कल्याण पेंशन, राशन कार्ड और स्थानीय निकायों से जुड़े मामलों की शिकायतें समाधान शिविर में दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा नो-ड्यूज प्रमाण पत्र, नगरपालिका से नक्शा पास कराने, बिजली, सिंचाई, जनस्वास्थ्य और आपराधिक मामलों से संबंधित शिकायतें भी यहां दी जा सकती हैं।

जिला प्रशासन की ओर से हर सोमवार और गुरुवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक लघु सचिवालय में समाधान शिविर आयोजित किया जा रहा है। संबंधित विभागों के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर नागरिकों की समस्याएं सुनते हैं और उनके त्वरित समाधान के लिए कार्रवाई करते हैं।

नवीन कुमार ने नागरिकों से अपील की कि यदि उन्हें किसी सरकारी विभाग से संबंधित परेशानी है तो वे बिना किसी झिझक के समाधान शिविर में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि शिविरों में आमजन की बढ़ती भागीदारी सरकार और प्रशासन के प्रति लोगों के भरोसे को दर्शाती है। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।