Noida/Alive News: सेक्टर-73 स्थित एंथूरियम परियोजना के आवंटियों ने बुधवार को पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर फर्जी एओडब्लूए चलाने के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। साथ ही उन्होंने ज्ञापन देते हुए कहा कि डिप्टी रजिस्ट्रार की ओर से पहले ही निरस्त की जा चुकी एओडब्लूए के नाम पर कुछ लोग फर्जी दस्तावेज और मृत लोगों के कथित जाली हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर खरीदारों को गुमराह कर रहे हैं।
आवंटियों का कहना है कि इस मामले में पुलिस पहले ही एफआईआर दर्ज कर चुकी है। इसमें कल्पना सचान, शशांक कुमार, नीरजा सिंघल, पारुल जैन, दिव्या गौतम, साहिल राणा, नीरज कुमार सिंघल, रविंद्र कुमार बनवारिया और मोहम्मद महमूदुद्दीन हुसैन को नामजद किया गया है। इसके बावजूद अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है, जिससे खरीदारों में नाराजगी है।
आवंटियों ने आरोप लगाया कि फर्जीवाड़े की वजह से रजिस्ट्री भी प्रभावित हो रही है और खरीदारों के हितों को नुकसान पहुंच रहा है। त्रिलोक सिंह समेत अन्य आवंटियों ने मांग की कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और फर्जी एओडब्लूए के नाम पर संचालित बैंक खातों व वित्तीय लेन-देन की फॉरेंसिक जांच कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर तुरंत शिकंजा नहीं कसा गया, तो आवंटी अपने अधिकारों की रक्षा के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन करेंगे।
फर्जी एओडब्लूए मामले में की पुलिस कमिश्नर से गिरफ्तारी की मांग

