July 29, 2026

फरीदाबाद में कल होगा 77वां वन महोत्सव, केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर करेंगे शिरकत

Faridabad/Alive News: पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से 77वें वन महोत्सव के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन 30 जुलाई को सुबह 10 बजे बल्लभगढ़ आईएमटी में किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन और वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में होगा।

जिला वन अधिकारी झालकर उयाके ने बताया कि हरियाणा का राज्य स्तरीय वन महोत्सव करनाल में आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे। इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण फरीदाबाद में भी किया जाएगा।

फरीदाबाद के जिला स्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ विधायक मूलचंद शर्मा, सतीश कुमार फागना, धनेश अदलखा, पूर्व विधायक टेक चंद शर्मा, नगर निगम मेयर प्रवीण बत्रा जोशी, भाजपा जिलाध्यक्षों सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहेंगे।

जिला वन अधिकारी ने कहा कि वन महोत्सव का उद्देश्य अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना और लोगों को पौधे लगाने व उनकी देखभाल के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने सभी नागरिकों से इस अभियान में भाग लेने और हरियाली बढ़ाने का संकल्प लेने की अपील की।