July 30, 2026

श्रीसिद्धदाता आश्रम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव, गुरु भक्ति में सराबोर रहे श्रद्धालु

श्रीसिद्धदाता आश्रम फरीदाबाद में गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान गुरु पूजन और भजन संध्या।

Faridabad/Alive News: सूरजकुंड रोड स्थित श्रीलक्ष्मीनारायण दिव्यधाम-श्रीसिद्धदाता आश्रम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव-2026 के दूसरे दिन श्रद्धा, भक्ति और समर्पण का अद्भुत माहौल देखने को मिला। देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचे और गुरु चरणों में नमन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम की शुरुआत वैकुंठवासी श्रीमद जगदगुरु स्वामी सुदर्शनाचार्य जी महाराज की समाधि पर पुष्पांजलि, पूजा-अर्चना और जनकल्याण के लिए हवन से हुई। यह आयोजन श्रीमद जगदगुरु रामानुजाचार्य स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ।

अपने प्रवचन में स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने कहा कि मानव जीवन अत्यंत दुर्लभ है और इसे ईश्वर भक्ति व सद्गुरु के मार्गदर्शन में सार्थक बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति गुरु और परमात्मा के प्रति पूर्ण समर्पित हो जाता है, उसे जीवन के कष्टों से मुक्ति का मार्ग मिलता है। गुरु का ज्ञान और मार्गदर्शन जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक उन्नति का आधार है।

इस अवसर पर आशा गर्ग द्वारा लिखित पुस्तक ‘भाव पुष्प’ का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में फरीदाबाद की महापौर प्रवीण जोशी, पूर्व शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा, पूर्व विधायक ललित नागर, आईएएस अशोक शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने उपस्थित होकर आशीर्वाद लिया।

समारोह में जयपुर के प्रसिद्ध भजन गायक संजय पारिख और आश्रम के मुख्य पुजारी रमाकांत ने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।