July 29, 2026

स्वयं सहायता समूहों को डेयरी के लिए 500 वर्ग गज तक शामलात भूमि मिलेगी, 5 साल की होगी लीज

हरियाणा में स्वयं सहायता समूहों के लिए डेयरी स्थापना हेतु शामलात भूमि योजना।

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार ने स्वयं सहायता समूहों (SHGs) को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए नई योजना शुरू की है। इसके तहत HSRLM से पंजीकृत स्वयं सहायता समूहों को ग्राम पंचायत की 500 वर्ग गज तक शामलात भूमि डेयरी स्थापित करने के लिए 5 वर्ष की लीज पर दी जाएगी।

सीईओ जिला परिषद शिखा ने बताया कि यदि डेयरी का संचालन संतोषजनक पाया जाता है और HSRLM की ओर से प्रमाणन मिलता है, तो लीज की अवधि 3 वर्ष और बढ़ाई जा सकती है।

योजना का लाभ केवल उन स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा जो HSRLM में पंजीकृत हों, कम से कम एक वर्ष से सक्रिय हों, नियमित बचत और ऋण का रिकॉर्ड रखते हों तथा समूह के सभी सदस्य संबंधित ग्राम पंचायत के निवासी हों। समूह में कम से कम 10 सदस्य होना और बैठकों में 75 प्रतिशत उपस्थिति भी जरूरी होगी।

यदि एक से अधिक समूह आवेदन करते हैं, तो ग्राम स्तरीय समिति लॉटरी के माध्यम से चयन करेगी। इच्छुक समूह ग्राम पंचायत, बीडीपीओ या सीईओ जिला परिषद कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। ग्राम पंचायत और ग्राम सभा की मंजूरी के बाद प्रस्ताव डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता वाली समिति के पास भेजा जाएगा।

शिखा ने कहा कि इस योजना से ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।