Surat/Alive News: गुजरात के सूरत में एक सरकारी स्कूल में सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है। स्कूल की छत पर पीटी (शारीरिक शिक्षा) के दौरान करंट लगने से 9वीं कक्षा के 14 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। यह घटना मंगलवार को मानदरवाजा इलाके के सुमन सरकारी स्कूल में हुई।
जानकारी के अनुसार, स्कूल का मैदान तीन स्कूलों के बच्चों के मिड-डे मील के कारण खाली नहीं था। इसलिए पीटी कराने के लिए बच्चों को स्कूल की छत पर ले जाया गया। इसी दौरान एक छात्र का पैर फिसल गया और वह बिजली के करंट वाले पाइप से टकरा गया, जिससे उसे तेज करंट लगा।
प्रत्यक्षदर्शी छात्रों के मुताबिक, छात्र करीब एक मिनट तक तड़पता रहा। इसके बाद एक शिक्षक ने लकड़ी की मदद से उसे पाइप से अलग किया और सीपीआर देने की कोशिश की। स्कूल के प्रिंसिपल उसे अपनी कार से अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों ने बताया कि छात्र के शरीर पर करंट लगने और चोट के कई निशान मिले हैं। घटना के बाद पीटी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया गया है।
जांच में सामने आया कि स्कूल की छत के पास लगे बिजली के पोल की वायरिंग खुली हुई थी और बिजली का करंट पाइप में फैल रहा था। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे नगर निगम के एक टेक्नीशियन को भी पाइप की जांच के दौरान करंट का झटका लगा। इससे बिजली विभाग की लापरवाही भी उजागर हुई है।
मृतक छात्र के परिजनों ने अस्पताल में प्रदर्शन कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्कूल प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच में यह तय होगा कि जिम्मेदारी केवल पीटी शिक्षक की थी या स्कूल प्रशासन और बिजली विभाग की भी लापरवाही रही।

