July 14, 2026

मॉल की पार्किंग से बाइक चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार आरोपी और अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम।

Faridabad/Alive News: अपराध शाखा सेक्टर-65 ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, डबुआ कॉलोनी निवासी एक युवक ने थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई थी कि 27 जून 2026 को सेक्टर-12 स्थित पेबल डाउनटाउन मॉल की पार्किंग में खड़ी उसकी मोटरसाइकिल अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत के आधार पर थाना सेंट्रल में चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने 13 जुलाई को जाजरू कट, वडोदरा एक्सप्रेसवे के पास से आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने सेक्टर-12 स्थित मॉल की पार्किंग में खड़ी मोटरसाइकिल को डुप्लिकेट चाबी की मदद से चोरी किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।