Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, ताकि अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, क्राइम ब्रांच डीएलएफ को 13 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक टीटू कॉलोनी क्षेत्र में अवैध हथियार के साथ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
बरामदगी के आधार पर थाना पल्ला में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करीब 15 से 20 दिन पहले यह हथियार उत्तर प्रदेश से लगभग 50 हजार रुपये में खरीदकर लाया था। उसने यह भी बताया कि नौकरी छूटने के बाद पैसे कमाने के लालच में कमीशन पर अवैध हथियार बेचने का काम शुरू किया।
फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान क्राइम ब्रांच की टीम हथियार सप्लाई करने वाले नेटवर्क और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने के लिए लगातार पूछताछ और छापेमारी कर रही है।

