Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने बताया कि पात्र मतदाता निर्धारित तिथियों पर अपने नाम जुड़वाने, संशोधन कराने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंच सकते हैं।
डीसी आयुष सिन्हा के अनुसार, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष अभियान 25 जुलाई और 26 जुलाई 2026 तथा 8 अगस्त और 9 अगस्त 2026 (शनिवार एवं रविवार) को आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां 21 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक स्वीकार की जाएंगी। इस अवधि में पात्र नागरिक नए मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने, मतदाता सूची में किसी प्रकार का संशोधन कराने अथवा किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
विशेष अभियान के दौरान जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक मौजूद रहेंगे और नागरिकों से आवेदन प्राप्त करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम इसमें शामिल होना जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों का लाभ उठाकर समय रहते अपने मतदाता संबंधी सभी कार्य पूरे करें।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी तथा निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारी नियमित रूप से इसकी निगरानी करेंगे, ताकि जिले की मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित तैयार की जा सके।

