Faridabad/Alive News: हरियाणा के राजस्व एवं शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल ने सेक्टर-14 लेबर चौक पर ‘क्रम में श्रम’ टोकन आधारित लेबर चौक मैनेजमेंट प्रणाली का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से श्रमिकों को समान अवसर, पारदर्शी रोजगार और समय पर मजदूरी सुनिश्चित होगी।
नई प्रणाली के तहत श्रमिकों को टोकन के आधार पर काम आवंटित किया जाएगा। यदि किसी दिन सभी श्रमिकों को काम नहीं मिलता, तो अगले दिन बची हुई सूची से रोजगार आवंटन शुरू होगा, जिससे किसी भी श्रमिक के साथ भेदभाव नहीं होगा।
विपुल गोयल ने कहा कि व्यवस्था के माध्यम से ठेकेदारों की जवाबदेही भी तय होगी। यदि किसी श्रमिक को समय पर मजदूरी नहीं मिलती है, तो उसकी शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की जा सकेगी।
उन्होंने बताया कि यह प्रणाली डिजिटल और तकनीक आधारित होगी, जिससे लेबर चौकों पर अव्यवस्था कम होगी और रोजगार आवंटन अधिक निष्पक्ष बनेगा।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल 2026 से न्यूनतम वेतन में 35% तक बढ़ोतरी लागू की गई है और ‘श्रम मित्र’ मोबाइल ऐप के माध्यम से श्रमिकों और नियोक्ताओं को भी जोड़ा जा रहा है।

