November 2, 2026

होटल में युवक के साथ आई महिला की मौत, गला घोंटकर हत्या की आशंका

Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ के मथुरा रोड स्थित एक होटल में 35 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला शनिवार सुबह मुंगेर निवासी शेखर के साथ होटल पहुंची थी। दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताकर कमरा लिया था। देर रात होटल कर्मचारी कमरे में पहुंचा तो महिला बेड पर बेसुध मिली, जबकि उसके साथ आया युवक गायब था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सिविल अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को महिला के गले पर निशान मिले हैं। ऐसे में गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
सुबह होटल पहुंचे, दिनभर कमरे में रहे
होटल कर्मचारियों के अनुसार, दोनों शनिवार सुबह करीब 10 बजे होटल पहुंचे थे। होटल के रिकॉर्ड में महिला की पहचान बिहार के मुंगेर जिले के गांव टेटिया निवासी 35 वर्षीय चांदनी और युवक का नाम शेखर दर्ज है। दोनों दिनभर कमरे में ही रहे। दोपहर में बाहर से खाना लेकर भी आए थे। रात को जब कर्मचारी कमरे की ओर गया तो दरवाजा खुला हुआ था। अंदर चांदनी बेड पर पड़ी थी। आवाज लगाने और हिलाने के बाद भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसने मैनेजर को सूचना दी।
पलवल में किराये पर रहती थी महिला
जांच में सामने आया है कि चांदनी पलवल के गदपुरी में किराये पर अकेली रहती थी और मेहनत-मजदूरी करती थी। उसका पति बेंगलुरु में नौकरी करता है, जबकि बच्चे गांव में रहते हैं। शेखर भी मूलरूप से बिहार के मुंगेर का रहने वाला बताया जा रहा है। हालांकि, वह स्थानीय स्तर पर कहां रहता था, इसकी जानकारी पुलिस को अभी नहीं मिली है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
शहर थाना प्रभारी उमेश कुमार के अनुसार, महिला के गले पर निशान मिले हैं। फोरेंसिक टीम ने होटल के कमरे से साक्ष्य जुटाए हैं। बिहार में मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है। फिलहाल होटल संचालक की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस शेखर की तलाश कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट होगी।