November 23, 2026

खर्च के पैसे मांगने पर हुआ विवाद, प्रेमिका की साड़ी से गला घोंटकर हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ के मथुरा रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में शादीशुदा प्रेमिका की हत्या करने के मामले में डीएलएफ क्राइम ब्रांच ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि महिला ने आरोपी से खर्च के लिए पैसे मांगे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आरोपी ने पहले महिला का गला हाथों से दबाया और फिर उसकी साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद वह खाना लेने जाने की बात कहकर होटल से फरार हो गया था।

मृतका की पहचान बिहार के मुंगेर निवासी चांदनी (उम्र 40) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी भी मुंगेर का रहने वाला शेखर कुमार है। पुलिस के अनुसार, दोनों करीब दो साल से एक-दूसरे को जानते थे। आरोपी करीब चार साल पहले काम की तलाश में फरीदाबाद आया था। वह सीकरी में किराये पर रहता था। दोनों एक ही इमारत में ऊपर-नीचे रहते थे। इसी दौरान उनकी जान-पहचान हुई थी।

शनिवार सुबह करीब 10 बजे दोनों बल्लभगढ़ के मथुरा रोड स्थित गेस्ट हाउस पहुंचे थे। उन्होंने खुद को पति-पत्नी बताकर कमरा लिया था। दोपहर करीब 2 बजे आरोपी खाना लेने की बात कहकर बाहर निकला, लेकिन वापस नहीं आया। रात को होटल कर्मचारी कमरे में पहुंचा तो महिला बेड पर बेसुध मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जांच में पता चला कि आरोपी ने होटल में कमरा लेने के लिए अपने बजाय गांव के दूसरे व्यक्ति की आईडी का इस्तेमाल किया था।

चांदनी तीन बच्चों की मां थी। उसका पति सुबोध कुमार पिछले करीब तीन महीने से काम के सिलसिले में बेंगलुरु में रह रहा है। परिवार करीब 10 साल से फरीदाबाद में रह रहा था। चांदनी के दो बच्चे अभी पढ़ाई कर रहे हैं। वह करीब एक महीने पहले बिहार से लौटकर गदपुरी में किराये पर रहने लगी थी और मजदूरी करके गुजारा कर रही थी।