Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार के आयुक्त एवं सचिव साकेत कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाधान शिविर पोर्टल पर लंबित शिकायतों की समीक्षा की। फरीदाबाद की ओर से एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने बैठक में भाग लिया।
बैठक के बाद एडीसी ने जिला अधिकारियों के साथ समीक्षा कर निर्देश दिए कि सभी विभागाध्यक्ष लंबित शिकायतों की व्यक्तिगत निगरानी करें और उनका समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि जिन शिकायतों का समाधान हो चुका है, उनकी एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) बिना देरी के पोर्टल पर अपलोड की जाए। अनावश्यक देरी या शिकायतों को लंबित रखने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एडीसी ने कहा कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि के साथ होना चाहिए। साथ ही निस्तारित मामलों को समय पर पोर्टल पर क्लोज करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक सोमवार और वीरवार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक जिला मुख्यालय लघु सचिवालय और संबंधित उपमंडलों में आयोजित समाधान शिविर का लाभ उठाएं।

