Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस के छह पुलिसकर्मियों के सेवानिवृत्त होने पर सेक्टर-21C स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में सम्मानपूर्वक विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस उपायुक्त (एनआईटी) उतम, भलाई निरीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, इंस्पेक्टर सुनील कुमार, एसआई/ईएसआई सुरेश कुमार, ईएसआई राजकुमार, ईएसआई बह्रम प्रकाश, ईएसआई राजेश कुमार और ईएचसी महेंद्र सिंह ने मंगलवार को अपनी लंबी पुलिस सेवा पूरी करने के बाद सेवानिवृत्ति ली। सभी को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए डीसीपी (एनआईटी) उतम ने कहा कि पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर दिन-रात लोगों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए काम करते हैं। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों का विभाग के प्रति समर्पण और सेवा हमेशा याद रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि एक परिवार है। सेवानिवृत्ति के बाद भी सभी कर्मचारी फरीदाबाद पुलिस परिवार का हिस्सा रहेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में किसी भी जरूरत पर विभाग हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा।
इस दौरान सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने सेवा काल के अनुभव साझा किए और विभाग में बिताए गए वर्षों को याद किया। कार्यक्रम के अंत में सभी को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके स्वस्थ, सुखी एवं समृद्ध जीवन की शुभकामनाओं के साथ विदाई दी गई।

